

नर्मदापुरम / तवानगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना केसला के सेक्टर पथरोटा अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र तवानगर क्रमांक 78 एवं 79 में तीन दिवसीय आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधि रीता ठाकुर, जनपद सदस्य सोनू उइके एवं उपसरपंच रविशंकर पासी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नफीस बानो एवं रितु पथोरिया ने कार्यक्रम के उद्देश्य से उपस्थित महिलाओं एवं जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया।
कार्यकर्ताओं ने बच्चों एवं माताओं के पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण, मातृ सहायता तथा महिला कल्याण से जुड़ी विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना ही ऐसे आयोजनों का प्रमुख उद्देश्य है।
स्वास्थ्य जांच के साथ पौधरोपण और बच्चों की मनोरंजक गतिविधियां
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों रीता ठाकुर, सोनू उइके एवं रविशंकर पासी द्वारा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग की एएनएम ललिता ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण किया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें कुर्सी दौड़, चम्मच दौड़ सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रमुख रहे। वहीं 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों की माताओं को पोषण, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं कुपोषण से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान…
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं रितु पथोरिया, नफीसा बानो एवं ज्योति भूमरकर, एएनएम ललिता तथा आशा कार्यकर्ता को जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात बच्चों को फल एवं मिठाइयों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

