
नर्मदापुरम / इटारसी क्षेत्र स्थित आर्डनेंस फैक्ट्री परिसर के घने जंगलों में तेंदुए के शावकों को अठखेलियां करते हुए देखा गया। शावकों की चहलकदमी और आपस में खेलते हुए तस्वीरें सामने आने के बाद क्षेत्र में यह नजारा चर्चा का विषय बना हुआ है।
आर्डनेंस फैक्ट्री का परिसर काफी बड़े क्षेत्र में फैला हुआ है, जहां घने जंगल और हरियाली के साथ आसपास सरकारी आवासीय क्वार्टर भी स्थित हैं। इस क्षेत्र में अक्सर जंगली जानवरों की आवाजाही देखी जाती है। तेंदुए सहित अन्य वन्यजीवों के लिए यह इलाका अनुकूल प्राकृतिक वातावरण उपलब्ध कराता है।
तेंदुए के शावकों को जंगल में बेफिक्र होकर खेलते देखना वन्यजीव प्रेमियों के लिए आकर्षण का विषय बना हुआ है। हालांकि, रहवासी क्षेत्र के नजदीक वन्यजीवों की मौजूदगी को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने और जंगल की ओर अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की जा रही है।

