

नर्मदापुरम / मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से लोकतांत्रिक एवं जनहित के मुद्दों को लेकर पैदल मार्च निकाला गया। प्रदेश भर से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता इस मार्च में शामिल हुए।
पैदल मार्च में नर्मदापुरम जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय के नेतृत्व में जिले से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन भोपाल पहुंचे और कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई। नर्मदापुरम जिले के विभिन्न ब्लॉकों एवं नगरों से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ मार्च में भाग लेकर संगठन की एकजुटता का परिचय दिया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने कहा कि नर्मदापुरम जिले का कांग्रेस संगठन लोकतंत्र और जनहित से जुड़े हर मुद्दे पर प्रदेश नेतृत्व के साथ मजबूती से खड़ा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में आयोजित इस पैदल मार्च में जिले के कांग्रेसजनों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर अपनी एकजुटता और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता प्रदर्शित की है। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव संघर्ष करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि नर्मदापुरम जिले के कांग्रेस कार्यकर्ता संगठन के प्रत्येक कार्यक्रम में पूरी ताकत के साथ सहभागिता करते हैं और आने वाले समय में भी प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में नर्मदापुरम जिले से पहुंचे कांग्रेस पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। जिले की इस व्यापक भागीदारी को संगठनात्मक एकजुटता के रूप में देखा गया। कार्यक्रम के तत्पश्चात जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने अपने साथियों सहित प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, मध्य प्रदेश कांग्रेस समन्वयक मानक अग्रवाल से भेंट की। यह जानकारी जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार द्वारा दी गई।

