
नर्मदापुरम / पितृपक्ष के दौरान अपने पितरों का तर्पण करने गया बिहार जाने वाले इटारसी सहित आसपास के श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। पश्चिम मध्य रेलवे भोपाल मंडल ने यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रानी कमलापति-गया -रानी कमलापति के बीच तीन-तीन ट्रिप पितृपक्ष स्पेशल ट्रेन 01661 / 01662 चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन इटारसी जंक्शन होते हुए गुजरेगी, जिससे स्थानीय यात्रियों को गया जाने के लिए सीधी और सुविधा जनक यात्रा का लाभ मिलेगा।गया जाने वाली स्पेशल ट्रेन (01661) रानी कमलापति-गया एक्सप्रेस 27 सितंबर, 02 अक्टूबर और 07 अक्टूबर को चलेगी। आज यह ट्रेन शाम 17:05 बजे इटारसी जंक्शन पहुंची और 20 मिनट के ठहराव के बाद 17:25 बजे गया के लिए प्रस्थान किया। इटारसी से पहले यह ट्रेन नर्मदापुरम 16:34 बजे और यहां से छूटने के बाद पिपरिया 18:13 बजे रुकेगी। यह ट्रेन अगले दिन दोपहर 14:30 बजे गया पहुंचेगी। वापसी की स्पेशल ट्रेन (01662) गया-रानी कमलापति एक्सप्रेस 30 सितम्बर, 05 अक्टूबर और 10 अक्टूबर 2026 को गया स्टेशन से दोपहर 15:30 बजे चलेगी। वापसी में यह ट्रेन अगले दिन दोपहर 14:05 बजे इटारसी जंक्शन पहुंचेगी और 20 मिनट रुककर 14:25 बजे रानी कमलापति के लिए रवाना होगी।
इन प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा ठहराव…
इटारसी के अलावा यह ट्रेन दोनों दिशाओं में नर्मदापुरम, पिपरिया, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिहोरा रोड, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी- ऑन-सोन और अनुग्रह नारायण रोड स्टेशनों पर रुकेगी।लंबी दूरी और भीड़ को ध्यान में रखते हुए इस पितृपक्ष स्पेशल ट्रेन में कुल 24 कोच लगाए गए हैं। इसमें 04 सामान्य (जनरल) श्रेणी, 12 शयनयान (स्लीपर) श्रेणी, 04 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी (एसी-3), 02 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी (एसी-2) तथा 02 एलएलआरडी कोच शामिल रहेंगे। रेल प्रशासन ने इटारसी और आसपास के यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन के ठहराव व विस्तृत समय-सारिणी के लिए एनटीईएस ऐप का उपयोग कर इस विशेष ट्रेन का लाभ उठाएं।

