

नर्मदापुरम / इटारसी शहर से महज 14 किलोमीटर दूर स्थित सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील आयुध निर्माणी (ऑर्डनेंस फैक्ट्री) परिसर के बाजार में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। गत रात्रि बदमाशों ने सुरक्षा सेल से महज कुछ ही दूरी पर स्थित दो दुकानों को अपना निशाना बनाते हुए बेखौफ होकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने दुकानों के ताले तोड़कर भीतर रखा कीमती सामान पार कर दिया। अति-सुरक्षित माने जाने वाले ऑर्डनेंस फैक्ट्री क्षेत्र में और सिक्योरिटी सेल के इतने समीप हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रात्रि में हुई इस चोरी की घटना से स्थानीय व्यापारियों में गहरा आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस व प्रशासन से मामले की त्वरित जांच कर गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

