
नर्मदापुरम / रेलवे सुरक्षा बल आउट पोस्ट की तत्परता और सोशल मीडिया की मदद से गलती से दूसरी ट्रेन में बैठकर नर्मदापुरम पहुंचे एक गुमशुदा युवक को उसके परिजनों को सकुशल सौंप दिया गया है।आरपीएफ पोस्ट नर्मदापुरम सब प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुकेश कुमार उम्र 26 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 19, सरस्वती कॉलोनी, संगरिया, हनुमानगढ़ राजस्थान गलती से गलत ट्रेन में बैठकर नर्मदापुरम स्टेशन पहुंच गए थे। परिजनों द्वारा उनकी गुमशुदगी की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 139 और सोशल मीडिया (फेसबुक) पर दर्ज कराई गई थी।नर्मदापुरम रेल्वे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान आरपीएफ के प्रधान आरक्षक अतुल दुबे और आरक्षक अमित कुमार अवस्थी को विकलांग कोच में एक युवक संदिग्ध अवस्था में मिला।आउट पोस्ट लाने पर पूछताछ करने पर युवक ने अपना नाम और घर का पता बताया, लेकिन वह काफी घबराया हुआ था। और उसे समझ नहीं आ रहा था कि वह कहां आ गया है।
इसके बाद आरपीएफ द्वारा सोशल मीडिया पर दी गई जानकारी और परिजनों से संपर्क साधा गया। सूचना मिलने पर युवक के पिता विनोद कुमार आरपीएफ आउट पोस्ट पहुंचे। 27 सितंबर 2026 को कागजी कार्रवाई और आधार कार्ड से पहचान पुख्ता करने के बाद, सहायक उपनिरीक्षक अवधेश कुमार एवं गवाहों की उपस्थिति में युवक मुकेश कुमार को उनके पिता विनोद कुमार के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने आरपीएफ की इस त्वरित और मानवीय कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया है।

