
नर्मदापुरम / UPI पर शुल्क के विरोध में ‘कैट’ और व्यापारी महासंघ ने मनाया ‘नो UPI डे’, QR कोड को काले कपड़े से ढककर जताया विरोध। नर्मदापुरम कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट – CAIT) के आह्वान पर व्यापारी महासंघ के सहयोग से आज जिले भर में ‘नो UPI डे’ मनाकर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। व्यापारियों ने UPI भुगतान पर अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने के विरोध स्वरूप अपनी दुकानों पर लगे क्यूआर (QR) कोड को काले कपड़े से ढक दिया और डिजिटल भुगतान लेने से इनकार करते हुए केवल नकदी में लेन-देन किया।
व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष महेंद्र चौकसे ने कहा कि देश को कैशलेस और ‘डिजिटल इंडिया’ बनाने में छोटे व्यापारियों का अहम योगदान रहा है। ऐसे में UPI लेन-देन पर चार्ज थोपना व्यापारी व आम उपभोक्ता दोनों के साथ अन्याय है। शुल्क लगने से डिजिटल व्यवस्था प्रभावित होगी और लोग पुनः नकदी की ओर लौटेंगे।
श्री चौकसे ने कहा कि व्यापारी संगठनों ने मांग की है कि UPI सेवाओं को पूरी तरह नि:शुल्क रखा जाए। शुल्क वापस न लेने की स्थिति में आंदोलन को और उग्र करने की चेतावनी दी गई है।
विरोध करने वालों में कैट के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार खंडेलवाल, चैंबर ऑफ कॉमर्स से देवेंद्र गिल्ला जिला अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, टाइल्स,मार्वल एसोसिएशन से अध्यक्ष उदित द्विवेदी जिला लघु उद्योग संघ से गौरव सेठ, अजय रतनानी, रेडीमेड होज़री थोक विक्रेता संघ से अध्यक्ष गोविंद मूलचंदानी, व्यापारी कल्याण महासंघ से अध्यक्ष महेंद्र चौकसे, प्लाई वुड हार्डवेयर संघ से अध्यक्ष नूतन अग्रवाल, सुरेश मखीजा, सोनू अग्रवाल, के के चौकसे, पीली गुमटी से अध्यक्ष धर्मेंद्र सनकत आदि उपस्थित रहे। यह जानकारी व्यापारी महासंघ के मीडिया प्रभारी ज़ाकिर खान ने दी

