
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा में युवक को चाकू मारने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। वही सार्वजनिक स्थान पर तलवार का प्रदर्शन करने पर 1 युवक को भी गिरफ्तार किया गया तथा 2 नाबालिगों को परिजनों के सामने समझाइश दी गई।
मामले के संबंध में सिवनी मालवा नगर निरीक्षक नवीन कुमार पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण थोटा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस महेंद्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में पुलिस थाना सिवनी मालवा द्वारा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था व आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए असामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही हैं। नगर निरीक्षक श्री पांडेय ने बताया कि 24.09.2026 को फरियादी शौर्य मिश्रा निवासी हरवंश चौकी बानापुरा ने रिपोर्ट कराई थी कि 4 लोगों ने उसे चाकू मार कर घायल कर दिया हैं। जिसकी रिपोर्ट पर से थाना सिवनी मालवा में अपराध क्रमांक 653/2026 धारा 296 (बी), 115(2), 351(3),3(5) बीएनएस का आरोपी देवेंद्र उर्फ बम्बैया प्रजापति पिता विष्णु प्रजापति उम्र 27 साल, धर्मेंद्र उर्फ बबलू प्रजापति पिता विष्णु प्रजापति उम्र 21 साल, शैलेंद्र प्रजापति पिता विष्णु प्रजापति उम्र 25 साल निवासी ठाकुर मोहल्ला, रिकू कौशल पिता डब्बू कौशल उम्र 22 साल लोधी मोहल्ला सिवनी मालवा के विरुद्ध मामला पंजीबद्ध कर चाकूबाजी करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
श्री पांडेय ने बताया कि आरोपियों द्वारा सार्वजनिक स्थान पर हथियारों का प्रदर्शन कर भय, दहशत का वातावरण उत्पन्न करने तथा हथियारों से संबंधित वीडियों बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की घटना सामने आई थी। पुलिस थाना सिवनी मालवा द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। आरोपीगण के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किए गए तथा मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
चाकूबाजी के उपरोक्त चार आरोपियों के अतिरिक्त वायरल वीडियो के आधार पर चिन्हित किए गए 1 अन्य आरोपी अनुज गौर पिता राकेश गौर उम्र 19 साल निवासी भीलपुरा से भी हथियार जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है, अन्य 2 नाबालिगों को उनके परिजनों के समक्ष समझाइश दी गई हैं।
नगर निरीक्षक ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन अथवा किसी भी प्रकार की हिंसक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की आम जनता से अपील…..
थाना सिवनी मालवा पुलिस आम जनता से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के जुलूस, धरना, सामाजिक, धार्मिक अथवा अन्य कार्यक्रम में अवैध हथियारों का प्रयोग या प्रदर्शन न करें। यह पूर्णतः गैरकानूनी है। किसी भी आयोजन में हथियारों का प्रदर्शन कर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने, भय या दहशत फैलाने तथा हथियारों से संबंधित वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से बचें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

