


नर्मदापुरम / विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड एवं भोपाल सिटी लाइव के संयुक्त तत्वावधान में भोपाल में ‘ट्रेजर हंट कार रैली–सीजन 2’ का आयोजन किया गया। मिंटो हॉल से शुरू हुई रैली में 45 कारों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने विभिन्न क्लूज़ और चैलेंजेस को हल करते हुए भोपाल के प्रमुख पर्यटन एवं दर्शनीय स्थलों की रोमांचक खोज की।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने कहा, “ऐसे अनुभवात्मक आयोजन लोगों को पर्यटन स्थलों से नए और रोचक तरीके से जोड़ते हैं। भोपाल की ऐतिहासिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य को इस तरह के आयोजनों के माध्यम से लोगों के सामने लाना मध्यप्रदेश पर्यटन की पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।”
भोपाल सिटी लाइव के संस्थापक अधिवक्ता आनंद शर्मा ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य मनोरंजन के साथ प्रतिभागियों को भोपाल की पर्यटन विरासत और खूबसूरती से जोड़ना है।
रैली के समापन पर विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रथम पुरस्कार ₹21,000 राशि रही। आयोजन में युवाओं, परिवारों, कार उत्साही और पर्यटन प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

