
नर्मदापुरम / विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश पर्यटन द्वारा पर्यटकों के लिए विशेष सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों को बेहतर ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पर्यटन के होटल एवं रिसॉर्ट में 20 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है।
मध्यप्रदेश पर्यटन के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने विश्व पर्यटन दिवस पर पर्यटकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश प्राकृतिक सौंदर्य, वन्यजीवन, संस्कृति, आध्यात्मिकता और ऐतिहासिक विरासत से समृद्ध प्रदेश है। पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं और यादगार पर्यटन अनुभव उपलब्ध कराने के लिए मध्यप्रदेश पर्यटन लगातार कार्य कर रहा है।
रीजनल मैनेजर आलोक सक्सेना ने कहा कि विश्व पर्यटन दिवस पर्यटकों और पर्यटन से जुड़े सभी लोगों के लिए विशेष अवसर है। नर्मदापुरम संभाग में पचमढ़ी, मढ़ई, तवा सहित अनेक पर्यटन स्थल हैं, जहां पर्यटकों को प्रकृति और रोमांच के साथ स्थानीय संस्कृति का अनुभव मिलता है। पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मध्यप्रदेश पर्यटन के होटल एवं रिसॉर्ट में 20 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने विश्व पर्यटन दिवस पर जिले में आने वाले पर्यटकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नर्मदापुरम प्राकृतिक एवं पर्यटन की दृष्टि से समृद्ध जिला है। पचमढ़ी, मढ़ई, तवा और नर्मदा तट सहित विभिन्न पर्यटन स्थल पर्यटकों को प्रकृति, संस्कृति और रोमांच का अनूठा अनुभव प्रदान करते हैं। पर्यटक जिले के पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर यहां की प्राकृतिक सुंदरता और आतिथ्य का आनंद लें।
जिला पर्यटन प्रबंधक मनोज सिंह ठाकुर ने विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में जिले में आने वाले सभी पर्यटकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पर्यटन दिवस पर्यटन स्थलों के संरक्षण, संवर्धन और स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने का अवसर है। नर्मदापुरम में पर्यटकों को नए पर्यटन अनुभव उपलब्ध कराने तथा जिले के पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
विश्व पर्यटन दिवस पर मध्यप्रदेश पर्यटन की ओर से दी जा रही 20 प्रतिशत विशेष छूट पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है। इसके माध्यम से पर्यटक नर्मदापुरम के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने के साथ मध्यप्रदेश पर्यटन के होटल एवं रिसॉर्ट में सुविधाजनक ठहराव का लाभ ले सकेंगे।

