

नर्मदापुरम / पिपरिया / स्टेशन रोड थाना अंतर्गत 4 लोगो ने एक युवक का अपहरण कर उसके साथ गाड़ी के अंदर जमकर मारपीट किये जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवक शराब की सात बोतल लेकर शोभापुर से पिपरिया आ रहा था।इस दौरान बोलोरो गाड़ी से आए युवकों ने युवक को रास्ते में रोककर गाड़ी में बैठाकर गाली गलौज कर मारपीट की। घटना 23 सितंबर की बताई जा रही है मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्टेशन रोड थाना पुलिस ने युवक की शिकायत पर चार लोगों खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। वहीं इस मामले में स्टेशन रोड थाना प्रभारी मदनलाल पवार सहित एक पुलिस कर्मी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रामनगर कॉलोनी निवासी बृजेश कहार ने पुलिस को बताया कि घटना के दिन वह शाम करीब 5 बजे मोटर साइकिल से शोभापुर कलारी से सात अंग्रेजी शराब की बोतलें बैग में रखकर घर लौट रहा था। दुधानी के वेयरहाउस के पास तौन रोड पर एक सफेद रंग की बोलेरो ने उसका रास्ता रोका। बृजेश के अनुसार बोलेरो से चार लोग उतरे और बैग की तलाशी ली। उन्होंने उस पर अवैध शराब का कारोबार करने का आरोप लगाते हुए उसे अपनी गाड़ी में जबरिया बैठा लिया ओर गाली-गलौज कर मारपीट की । फरियादी बृजेश ने पुलिस को बताया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने घटना किसी को बताने पर जान से खत्म करने की धमकी दी। उसने बताया कि चारों आपस में राजू, दूसरे गब्बर, रोहित और शशि नाम से एक दूसरे को बुला रहे थे। मारपीट में उसके चेहरे, गाल और गर्दन पर चोटें आई। पुलिस ने बृजेश की शिकायत पर राजू, गब्बर, रोहित और शशि के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में अपराध दर्ज किया है।

