
नर्मदापुरम / जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने ब्लॉक एवं नगर अध्यक्षों को दिए आवश्यक निर्देश। वोट चोरी के मुद्दे को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में आगामी 28 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से पैदल मार्च निर्वाचन कार्यालय अरेरा हिल्स तक निकाला जाएगा।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया गया कि इस कार्यक्रम में नर्मदापुरम जिले से अधिक से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने जिले के सभी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों एवं नगर कांग्रेस अध्यक्षों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने कहा कि मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी से दूरभाष पर चर्चा हुई है, जिसमें प्रदेश स्तर के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सभी ब्लॉक अध्यक्षों एवं नगर अध्यक्षों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदेश अध्यक्ष द्वारा दिए गए हैं।
उन्होंने जिले के सभी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों एवं नगर कांग्रेस अध्यक्षों से कहा है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों से कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं साथियों के साथ 28 सितंबर को सुबह 11 बजे भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर पैदल मार्च में सहभागिता करें।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया और मताधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित इस कार्यक्रम में नर्मदापुरम जिले की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों से समय पर भोपाल पहुंचने तथा अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।

