
नर्मदापुरम / स्थानीय भोपाल चौराहा स्थित निजी गार्डन में आयोजित राधा जन्मोत्सव एवं छठी उत्सव के दौरान बरसाना और वृंदावन की छटा देखने को मिली। कार्यक्रम में भक्त ने पूरे भक्ति भाव और प्रेम रस की वर्षा में सराबोर हो गए। राधा रानी का छठी उत्सव प्रातः 9:00 बजे से लेकर अपराह्न 4:00 बजे तक चलता रहा। इस दौरान भक्तों ने भक्ति रस में डूब कर घंटों तक नृत्य किया और आनंद लिया।
हुई फूलों की होली….
उत्सव के दौरान प्रातः 9:00 बजे से राधा रानी का अभिषेक और पूजन ब्रजमंडल एवं नासिक से पधारे विद्वान ब्राह्मणों द्वारा किया गया। इसके उपरांत राधारानी और भगवान कृष्ण की झांकी निकाली गई। पूजन अर्चन के उपरांत फूलों की होली और अंत में परंपरागत रूप से दधि उत्सव हुआ। इस दौरान भक्तों ने खूब आनंद लिया कार्यक्रम के आयोजन पंडित पंकज शर्मा एवं शर्मा परिवार ने राधारानी के जन्मोत्सव की प्रसन्नता में खिलौने एवं अन्य सामग्रियां भक्तों के बीच जमकर लुटाई। भक्तों ने भी राधा रानी के इस प्रसाद को खूब लूटा।
सांसद ने जमकर किया नृत्य…
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया भी पहुंची। उन्होंने कार्यक्रम की खूब सराहना की और भजनों पर जमकर नृत्य किया। इसके अलावा कार्यक्रम में आचार्य सोमेश परसाई, पंडित गोपाल प्रसाद खड़डर , पंडित संत बसंत वशिष्ठ, पंडित घनश्याम तिवारी, पंडित तरुण तिवारी सहित अन्य विद्वान भी पहुंचे। कार्यक्रम में विधायक डा. सीतसरण शर्मा, नपाध्यक्ष नीतू यादव, महेंद्र यादव, हंस राय, राजेंद्र उपाध्याय, अंकित बुलंद, अखिलेश खंडेलवाल, समेरिटन्स ग्रुप आफ स्कूल के डायरेक्टर डॉ. आशुतोष शर्मा, पूर्व विधायक सविता दीवान शर्मा, पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह, राजेश तिवारी, मीना वर्मा, भगवती चौरेपंडित अजय दुबे, इटारसी नपाध्यक्ष पंकज चौरे, महेन्द्र चौकसे, अज्जू सैनी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
गौतम गोस्वामी के भजनों पर झूमे भक्त….
कार्यक्रम में विशेष रूप से पधारे वृंदावनवासी गौतम गोस्वामी ने राधा रानी और भगवान कृष्ण के प्रेम रंग के अनेक दोहे और छंद बहुत ही भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किए, जिन पर भक्त भाव विभोर हो गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और प्रसादी भी ग्रहण की। कार्यक्रम का संचालन भजन गायक रानू तिवारी ने किया।

