नर्मदापुरम / स्व सहायता समूहो द्वारा अपनी मांगों के समर्थन में लगातार 6 दिन से चूल्हा बंद हड़ताल जारी है… इसी कड़ी में पूरे प्रदेश में एवं नर्मदापुरम जिले में समूहों द्वारा एक दिवसीय धरना प्रदर्शन प्रशांत दुबे चौक (पीपल चौक) पर किया गया। जिसमें जिले भर से 500 स्व सहायता समूहो की महिलाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर आए नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा को प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया एवं विधायक को समूहों की समस्याओं एवं मांगो के बारे में जानकारी दी गई। जिले के सभी ब्लॉक से समूह की महिलाएं आई। विधायक को ज्ञापन प्रांतीय समूह महासंघ के पदाधिकारियों अध्यक्ष श्रीमती गौरी इश्कर, उपाध्याय अमीना बी, संभागीय प्रभारी सुमन उइके, सचिव ललिता गौर, कविता राजपूत, रेखा साहू, रेखा सोनी ने सौंपा। समूह के जिला मीडिया प्रभारी नर्मदापुरम अजय मंजारिया ने बताया कि ये प्रदर्शन प्रदेश अध्यक्ष सरिता ओम प्रकाश के मार्गदर्शन में पूरे प्रदेश में किया जा रहा है।
समूह महासंघ की मुख्य दो मांगे….
1. कार्य के पश्चात हर माह भुगतान हो चार चार महीने भुगतान नहीं होने से समूह की महिलाएं कर्ज में फंसती जा रही है।
2. नाश्ते भोजन की दर 2018 से 3 रुपए और 5 रूपये मिल रही हैं जबकि महगाई कई गुना बढ़ चुकी हैं, जो कि 10 रुपए और 15 रुपए मिलना चाहिए और स्कूलों में 15 रुपए और 20 रुपए मिलना चाहिए । इस संबंध में 5 साल में कई बार हड़ताल की जा चुकी हैं, धरना प्रदर्शन और ज्ञापन दिए जा चुके हैं परंतु कोई सुनवाई नहीं हुई । समूह महासंघ के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में प्रदेश की राजधानी में पूरे प्रदेश की महिलाएं प्रदर्शन करेंगी और इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं निकला तो महिलाएं अनिश्चित कालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगी । समूह महासंघ नर्मदापुरम के पदाधिकारियों ने विधायक से निवेदन किया कि बच्चों की दर्ज संख्या के मान से 100 % भुगतान किया जाना चाहिए, जो कि 60% के मान से किया जाता हैं एवं समूह की मांगो को सरकार तक पहुंचाने की कृपा करें।

