

नर्मदापुरम / शासकीय कन्या महाविद्यालय इटारसी में उच्च शिक्षा विभाग मध्य प्रदेश शासन, भोपाल के निर्देशानुसार राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत गृहविज्ञान विभाग, राष्ट्रीय सेवा योजना, सेवा संकल्प अभियान एवं नेशनल टॉस्क फोर्स के अंतर्गत मानसिक स्वास्थ्य शिविर व स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। सात दिवसीय पोषण सप्ताह के तहत महाविद्यालय परिसर में वृहद स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. आर. एस. मेहरा के संरक्षण एवं वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. हरप्रीत रंधावा एवं कार्यक्रम समन्वयक व एनसीसी अधिकारी कु. नीतू अहिरवार की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। शिविर में इटारसी की सुप्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ऋचा पहाड़िया, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रेसी येसुदास एवं पैथोलॉजी विशेषज्ञ (एमडी पैथोलॉजी) डॉ. वृषाली गदरे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के प्रथम चरण में डॉ. ऋचा पहाड़िया ने छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता एवं संतुलित पोषण आहार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने फास्ट फूड से होने वाले नुकसान के प्रति सचेत करते हुए घर के शुद्ध भोजन एवं श्रीअन्न (मिलेट्स) को दैनिक आहार में शामिल करने का आह्वान किया। इसके पश्चात डॉ. प्रेसी येसुदास ने मुख एवं दंत स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. संजय आर्य ने संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए भोजन में आवश्यक पोषक तत्वों का उचित संतुलन होना जरूरी है। छात्राओं को प्रोटीन, विटामिन, खनिज लवण, कार्बोहाइड्रेट, वसा एवं पर्याप्त जल के महत्व से अवगत कराया गया।
द्वितीय चरण में स्वास्थ्य परीक्षण सत्र आयोजित किया गया, जिसमें डॉ. वृषाली गदरे (MD पैथोलॉजी) के निर्देशन में ए.एन.एम. दिव्या थॉमस एवं ए.एन.एम. दीपिका श्रोती द्वारा छात्राओं के ब्लड टेस्ट, हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, शुगर एवं वजन की जाँच पूर्णतः निःशुल्क की गई। अंत में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती प्रेमलता पाटिल ने चिकित्सक दल एवं सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर श्रीमती मंजरी अवस्थी, डॉ. हर्षा शर्मा, श्री रविंद्र कुमार चौरसिया, डॉ. मुकेश चंद्र बिष्ट, डॉ. श्रद्धा जैन, कु. प्रिया कलोसिया, कु. करिश्मा कश्यप, श्रीमती रश्मि चौरे, श्रीमती लवली शर्मा एवं महाविद्यालय की समस्त छात्राएं व गैर-शैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहा।

