
नर्मदापुरम / शहर में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर दो नाबालिग बालकों के साथ योजनाबद्ध तरीके से पीछा कर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और लूट का प्रयास करने का गंभीर मामला सामने आया था। पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई न करने और हल्की धाराओं में मामला दर्ज करने का आरोप लगाया है। पेट्रोल पंप से स्टेशन तक फिल्मी अंदाज में किया पीछा । 14 अगस्त की शाम रसूलिया निवासी दो नाबालिग बालक सतरास्ता स्थित पेट्रोल पंप से ईंधन डलवाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान दोपहिया वाहनों पर सवार चार युवकों ने उनका पीछा करना शुरू किया।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, आरोपी एक पल्सर बाइक क्रमांक एमपी 05 जेड एफ 9861 और एक एक्सेस स्कूटी पर सवार थे। पल्सर पर सवार मुख्य आरोपी लगातार अपने साथियों से फोन पर संपर्क में था। रेलवे स्टेशन परिसर में की मारपीट, चाबी छीनी आरोपियों ने दोनों बालकों को रेलवे स्टेशन परिसर में रोक लिया और रुपयों की मांग की। बालकों द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी थी । धमकी देते हुए सतरास्ता की ओर फरार हो गए थे । परिजनों का आरोप है कि स्पष्ट साक्ष्य और फुटेज होने के बावजूद पुलिस ने लूट के प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं को एफआईआर में शामिल नहीं किया। अन्य साथियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है और आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। पीड़ित बालकों के पिताओं ने बताया कि उन्होंने मामले में लूट के प्रयास, अवैध अवरोध और अन्य सुसंगत कानूनी धाराएं बढ़ाने के लिए पुलिस अधिकारियों को विधिवत लिखित आवेदन दिया है। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और धाराएं नहीं बढ़ाईं, तो वे वरिष्ठ अधिकारियों से गुहार लगाएंगे और न्याय के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।
इनका कहना है…..
इस मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो गई है और वे जमानत पर रहा है। एक आरोपी की तलाश की जा रही है। यह पूरा मामला बाइक को कट मारने को लेकर था।
राजेश उइके,
जीआरपी थाना प्रभारी नर्मदापुरम।

