
नर्मदापुरम / मध्यप्रदेश शासन के लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं नर्मदापुरम जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने रविवार को मालाखेड़ी में विद्युत विभाग के नवीन 33/11 केवीए उपकेंद्र का लोकार्पण किया। इस अवसर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर अपनी विशेष पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि भारत में केंद्र सरकार केवल 5 वर्षों की नहीं अपितु 25 वर्षों के विकसित भारत का रोड मैप लेकर सरकार काम कर रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी विकसित भारत @2047 की संकल्पना को साकार करने के लिए निरंतर देश सेवा के कार्यों में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प में योगदान देने वाले राज्यों में मध्यप्रदेश भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में अग्रणी राज्य के रूप में निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में आईटी, निवेश, कृषि, उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास की गति तेज हुई है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कभी कृषि प्रधान जिले के रूप में पहचान रखने वाला नर्मदापुरम आज औद्योगिक क्षेत्र के रूप में भी अपनी पहचान प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश में बना रहा है। जिले में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ अधोसंरचना विकास पर भी लगातार कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार विद्युत व्यवस्था, परिवहन सहित सभी क्षेत्रों में समान रूप से ध्यान देते हुए नागरिकों के हित में निरंतर कार्य कर रही है। प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि 36 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित यह विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह उपकेंद्र इस बात का प्रमाण है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश शासन प्रत्येक वर्ग के नागरिकों के विकास और उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि समस्याएं किसी भी क्षेत्र की विकास यात्रा का हिस्सा होती हैं, लेकिन उन समस्याओं के समाधान के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। विकास की निरंतरता बनाए रखने के लिए यह आवश्यक है कि समाज हित से जुड़े कार्यों का लाभ धरातल तक पहुंचे। ऐसे कार्य समाज को जीवंत बनाए रखने के साथ ही नागरिकों को समाज हित में निरंतर योगदान देने की प्रेरणा भी प्रदान करते हैं।
श्री सिंह ने कहा कि आगामी समय में मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश में लगभग 2 लाख करोड़ रुपये की लागत से सड़कों के निर्माण की दिशा में कार्य करने जा रही है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क एवं विद्युत अधोसंरचना प्रदेश के विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उल्लेखनीय है कि इस नवीन उपकेन्द्र में 5.00 एम.व्ही.ए. क्षमता का एक पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। उक्त उपकेन्द्र को ऊर्जीकृत करने हेतु 33 केव्ही की 6.5 किमी लाइन, 11 केव्ही की 2.8 किमी लाइन का निर्माण कर 3 नंबर 11 केव्ही फीडर निर्मित किये गये है। इस उपकेन्द्र की स्थापना की कुल लागत 368 लाख रूपये है। इस नवनिर्मित मालाखेडी उपकेन्द्र के निर्माण के पूर्व इस क्षेत्र का विधुत प्रदाय मिल्क डेयरी उपकेन्द्र से हो रहा है जिसमें अत्याधिक लोड होने से अत्यधित ट्रिपिंग एंव लो बोल्टेज की समस्या होती थी इस क्षेत्र की विधुत व्यवस्था में अपेक्षित सुधार हेतु यह उपकेन्द्र अतिआवश्यक था। इस उपकेन्द्र मालाखेड़ी को गुणवत्ता पूर्ण निर्माण हेतु आई.एस.ओ. 9001 : 2015 प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ है। 33/11 केव्ही मालाखेड़ी उपकेन्द्र से गोदावरी विहार, रेशम केन्द्र एवं राधाकृष्ण 3 नवीन 11 केव्ही लाइन के फीडर निगर्मित किये गये है। उपरोक्त फीडरों से मालाखेडी, बाबई रोड, चक्कर रोड, गोदावरी विहार, रेशम केन्द्र राधाकृष्ण गार्डन क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं को उचित गुणवत्ता की विद्युत प्रदाय सुनिश्चित होगी। नवीन उपकेन्द्र प्रारंभ होने के बाद मिल्क डेयरी उपकेन्द्र से निर्गत फीडरों पर भी भार एवं फीडर की लंबाई इसी अनुपात में कम होगी। इस उपकेन्द्र के निर्माण से क्षेत्र के लगभग 8500 घरेलू एवं गैर घरेलू उपभोक्ताओ को सीधे तौर पर लाभ प्राप्त होगा।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने भी लोगो को संबोधित कर नवीन विद्युत उपकेंद्र से होने वाली सुविधाओं तथा शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यों के संबंध में जानकारी दी।
लोकार्पण कार्यक्रम में सिवनी मालवा विधायक प्रेमशंकर वर्मा, पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव, श्रीमती शुक्ला, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस. थोटा, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

