

नर्मदापुरम / स्वच्छता दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय कायस्थ समाज मातृशक्ति एवं पुरुष सदस्यों द्वारा रविवार को स्थानीय चित्रगुप्त घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। समाजजनों ने घाट परिसर एवं नर्मदा तट के आसपास सफाई करते हुए जमा कूड़ा-कचरा और गंदगी को एकत्र कर डस्टबिन में डाला। इस दौरान स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक भी किया गया।
स्वच्छता अभियान के बाद मातृशक्ति एवं पुरुष सदस्यों को मां नर्मदा और शहर को सुंदर एवं स्वच्छ बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। समाजजनों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं स्वच्छता का ध्यान रखेंगे तथा अपने आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही नर्मदा तट पर कचरा नहीं फेंकने और घाट की स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय कायस्थ समाज के अध्यक्ष राजेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली जिम्मेदारी है। सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। समाज द्वारा इस प्रकार के अभियान निरंतर जारी रखे जाएंगे।
प्रखर समाजसेवी सुमन वर्मा ने कहा कि मां नर्मदा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। यदि हम अपने आसपास स्वच्छता रखेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे, तो शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने का संकल्प निश्चित रूप से पूरा होगा।
स्वच्छता अभियान एवं शपथ कार्यक्रम में मंजुला श्रीवास्तव, सुनील राय, सी.बी. खरे, लालता प्रसाद, राजेंद्र श्रीवास्तव, विजय वर्मा, मनोज वर्मा, नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा, मातृशक्ति अध्यक्ष ज्योति वर्मा, आदित्य, गुनगुन सहित समाज के अन्य लोग उपस्थित थे।

