नर्मदापुरम / नगर में प्रति वर्ष होने वाली श्रीरामलीला महोत्सव समिति के संयोजक प्रशांत मुन्नू दुबे ने बताया कि 2026 के आयोजन के लिए समिति की वार्षिक बैठक पं. भवानी शंकर शर्मा एवं पं. गिरिजाशंकर शर्मा के निवास पर सम्पन्न हुई । जिसमें गत वर्ष 2025-26 के आय व्यय का लेखा प्रस्तुत किया गया एवं आगामी वर्ष 2026-27 के आयोजन हेतु व्यय पर सार्वजनिक रूप से विचार विमर्श उपरांत बजट निर्धारित किया गया ।
वर्ष 2026-27 के महोत्सव में श्रीरामलीला का 18 दिवसीय मंचन आगामी 5 अक्टूबर से प्रारम्भ होकर 23 अक्टूबर तक प्रतिदिन होगा।जिसमें 16 अक्टूबर तक की लीलाओं का मंचन प्राचीन नर्मदा मंदिर के सामने सेठानीघाट पर ही होगा। पश्चात श्रीराम रावण युद्ध की लीलाओं का मंचन 20 अक्टूबर तक रावण वध (विजयादशमी) तक दशहरा मैदान में होगा । उपरांत उत्तर भरत मिलाप और श्रीरामराज्याभिषेक की लीलाओं का मन्चन पुनः सेठानीघाट पर होगा । इसी बीच नगर के प्रमुख मार्गों से भगवान श्रीराम बारात भव्य रूप से निकाली जावेगी। जिसकी व्यापक तरीके से तैयारी की जावेगी और दशहरा रात्रि कार्यक्रम के अंतर्गत विशाल देवी जागरण के लिए सदस्यों के सुझाव से रूपरेखा तय की गई ।
बैठक श्रीरामलीला समिति के अध्यक्ष पं. गिरिजा शंकर शर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पं. भवानी शंकर शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता बी के चौहान, पं. गोपाल प्रसाद खड्डर, राकेश फौजदार, महेंद्र चौकसे, नपा उपाध्यक्ष अभय वर्मा, प्रबंधक अरुण शर्मा, सचिव योगेश्वर तिवारी, पार्षद नरेंद्र पटेल, पं. सुनील चौरे, पं. राम परसाई सहित श्रीरामलीला परिवार के सभी सदस्य उपस्थित थे।

