
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / नगर में प्रतिदिन सुबह 5 बजे निकलने वाली राम नाम प्रचार समिति “राम फेरी” का 15वां स्थापना दिवस बड़े ही धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ शनिवार को मनाया गया।
सुबह से ही राम फेरी के सदस्यों ने धर्ममय आयोजन की शुरुआत संकट मोचन हनुमान मंदिर में हनुमान जी महाराज के अभिषेक से की। इसके बाद भक्तों ने भजन-कीर्तन कर पूरे वातावरण को राममय बना दिया। कार्यक्रम में महाप्रसादी एवं महाआरती का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
राम फेरी के अध्यक्ष ब्रजकिशोर लोवंशी ने बताया कि समिति के सदस्य पिछले 15 वर्षों से निरंतर सुबह ब्रह्म मुहूर्त में राम नाम का प्रचार कर रहे हैं। समिति के सभी सदस्यों द्वारा राम नाम लिखी पुस्तकें प्रतिवर्ष अयोध्या स्थित श्रीराम नाम बैंक में जमा की जाती हैं। प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में राम फेरी के सदस्य अयोध्या जाते हैं।
इस अवसर पर वरिष्ठ बुजुर्ग भक्तों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद लिया गया। कार्यक्रम में राम फेरी के समस्त भक्तगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

