


नर्मदापुरम / शासकीय कन्या महाविद्यालय इटारसी में राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत गृह विज्ञान विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय पोषण सप्ताह के क्रम में शुक्रवार, 18 सितंबर 2026 को न्यूट्री-फेयर के अंतर्गत ‘हेल्दी रेसिपी प्रतियोगिता’ का उत्साहपूर्ण एवं सफल आयोजन किया गया। पोषण सप्ताह का शुभारंभ 12 सितंबर 2026 से हुआ था। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. एस. मेहरा एवं वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. हरप्रीत रंधावा ने माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।प्रतियोगिता में छात्राओं ने ‘मिलेट रेसिपी (श्रीअन्न)’ एवं ‘नो-कुकिंग फूड (बिना आग का भोजन)’ इन दो श्रेणियों में अपनी पाक-कला, रचनात्मकता और पोषण संबंधी जागरूकता का प्रभावी प्रदर्शन किया। छात्राओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न पौष्टिक एवं आकर्षक व्यंजनों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।vप्राचार्य डॉ. आर. एस. मेहरा ने विभिन्न फूड स्टॉल्स का अवलोकन करते हुए छात्राओं के प्रयासों की सराहना की तथा श्रीअन्न एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. हरप्रीत रंधावा ने छात्राओं की रचनात्मकता, मेहनत और उत्साह की प्रशंसा करते हुए प्रतियोगिता को पोषण जागरूकता की दिशा में उपयोगी पहल बताया। प्रतियोगिता में बी. एससी. तृतीय वर्ष की छात्राएं आयशा खान एवं आतिया खान ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने मिलेट्स से स्वादिष्ट एवं पौष्टिक ‘रागी के मोदक’ तैयार किए। वहीं आंचल तिवारी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उन्होंने स्प्राउट्स एवं खीरा से पौष्टिक व्यंजन प्रस्तुत कर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया। प्रतियोगिता में रिया चौरसिया, तेजस्विनी, संजना यादव, ज्योति सोलंकी सहित अन्य छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत विविध व्यंजनों ने न केवल उनकी पाक-कला एवं नवाचार को प्रदर्शित किया, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित आहार के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. आर. एस. मेहरा द्वारा विजेता छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य संयोजक गृह विज्ञान विभाग की कु. नीतू अहिरवार रहीं, जबकि मंच संचालन NSS कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती प्रेमलता पाटिल ने किया। अंत में मुख्य संयोजक द्वारा सभी अतिथियों, प्राध्यापकों एवं प्रतिभागी छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

