
नर्मदापुरम / नगर में गणेश चतुर्थी के अवसर पर गणेश जी की प्रतिमाओं का विक्रय करने के बाद कुछ मूर्ति विक्रेताओं द्वारा विभिन्न स्थानों पर गणेश प्रतिमाओं को लावारिस अवस्था में छोड़कर चले जाने का मामला सामने आया।
इसकी जानकारी मिलने पर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल नर्मदापुरम के कार्यकर्ताओं ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए रात में ही कुछ गणेश प्रतिमाओं को सुरक्षित स्थान पर उठाकर रखा। इसके बाद सुबह कार्यकर्ताओं द्वारा पूरे नगर में भ्रमण कर ऐसी अन्य प्रतिमाओं को भी एकत्रित किया गया।
कार्यकर्ताओं ने सभी एकत्रित गणेश प्रतिमाओं को ऑटो के माध्यम से विवेकानंद घाट पहुंचाया, जहां श्रद्धा एवं विधि-विधान के साथ भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमाओं का विसर्जन करवाया गया।
विश्व हिंदू परिषद के जिला सेवा प्रमुख नितिन मेषकर ने कहा कि भगवान श्री गणेश की प्रतिमा हमारे लिए केवल मिट्टी की प्रतिमा नहीं, बल्कि हमारी आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। उनका इस प्रकार लावारिस अवस्था में पड़ा रहना हमारी धार्मिक भावनाओं के लिए उचित नहीं है। संगठन ने अपील की कि प्रतिमा विक्रय करने वाले अपनी जिम्मेदारी समझें और विसर्जन तक प्रतिमाओं के सम्मान एवं व्यवस्था का ध्यान रखें।

