


नर्मदापुरम / अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर माखन नगर तहसील परिसर में पिछले करीब एक माह से धरने पर बैठे आदिवासियों ने मंगलवार को शक्ति प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में आदिवासियों ने नगर में रैली निकाली और वापस तहसील परिसर पहुंचकर प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखीं। आंदोलनकारियों ने मांगों के निराकरण को लेकर एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह से लिखित आश्वासन देने की मांग की।
रैली के बाद आंदोलनकारियों ने धरना समाप्त करने की बात कही, लेकिन जब उन्हें तत्काल लिखित आश्वासन नहीं मिला तो वे आक्रोशित हो गए और हाईवे पर जाम लगाकर बैठ गए। इसके चलते पश्चिमी स्टेट हाईवे पर करीब एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और प्रशासन के सामने स्थिति को संभालने की चुनौती खड़ी हो गई।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति….
जाम की सूचना मिलते ही एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार, थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। आंदोलनकारियों की मांग पर प्रशासन की ओर से उन्हें उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए 15 दिन में कार्रवाई करने का लिखित आश्वासन दिया गया। लिखित आश्वासन मिलने के बाद आदिवासियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
आंदोलनकारियों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि तय समय-सीमा में मांगों के निराकरण में किसी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही सामने आती है तो वे इससे भी बड़ा और उग्र आंदोलन करेंगे।
कई जिलों का पुलिस बल रहा तैनात….
शक्ति प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। नर्मदापुरम के साथ रायसेन, बैतूल, हरदा सहित अन्य जिलों से भी पुलिस बल बुलाया गया था। एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार, थाना प्रभारी सहित पुलिस बल शामिल रहा।

