

नर्मदापुरम / सागर में जहरीली/नकली शराब से जुड़े मामले के बाद अवैध शराब के कारोबार को लेकर प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। नर्मदापुरम शहर में भी शराब के अवैध कारोबार और ठेकों के आसपास संचालित कथित अवैध हाते व गुमटियों में शराब पिलाए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। यदि इन शिकायतों की समय रहते जांच और प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति गंभीर रूप ले सकती है।
शहर के वार्ड नं. 26 मदरवाड़ा भीलपुरा पीचिंग , कोठी बाजार, सदर बाजार, बालागंज, ग्वालटोली, एसपीएम, रसूलिया और हरदा बाईपास सहित कई क्षेत्रों में शराब की अवैध बिक्री और सार्वजनिक स्थानों के आसपास शराबखोरी को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं। आरोप है कि शराब ठेकेदारों से जुड़े लोग अलग-अलग स्थानों पर शराब उपलब्ध कराने का नेटवर्क चला रहे हैं।
25-30 रुपये के पाउच में कच्ची शराब की शिकायत…
सबसे गंभीर आरोप कथित रूप से तैयार की जा रही कच्ची शराब को लेकर हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कुछ स्थानों पर नशीले और अन्य रसायनों के इस्तेमाल से तैयार की गई अवैध शराब छोटे पाउच में करीब 25 से 30 रुपये में उपलब्ध कराई जा रही है और इसकी होम डिलीवरी तक किए जाने की बात सामने आ रही है।
हालांकि इन आरोपों की पुष्टि संबंधित विभागों द्वारा किया जाना बाकी है। ऐसे में यह जरूरी है कि आबकारी और पुलिस विभाग इन चिन्हित स्थानों पर संयुक्त जांच कर यह स्पष्ट करें कि वहां किस प्रकार की शराब बेची या बनाई जा रही है।
एसपी कार्यालय के पास भी अवैध शराब की शिकायत…
शहर में सबसे गंभीर सवाल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तब खड़ा होता है, जब पुलिस अधीक्षक कार्यालय से कुछ ही दूरी पर अवैध शराब बनाने की शिकायत सामने आती है।

