
नर्मदापुरम / त्योहारी सीजन की रौनक के बीच नर्मदापुरम को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए स्थानीय नगरपालिका टीम पूरी तरह एक्शन मोड में है। इसी कड़ी में हाल ही में नगरपालिका के अतिक्रमण दस्ते द्वारा एक विशेष अभियान चलाया गया, जिसके तहत बाजार क्षेत्र के रास्तों पर यातायात अवरूद्ध करने और शहर में गंदगी फैलाने वाले लापरवाह लोगों पर 1800/- रुपए का स्पॉट फाइन लगाया गया।
एआरआई रवि सूर्यवंशी ने बताया कि नगरपालिका अध्यक्ष नीतू यादव और मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख के कुशल मार्गदर्शन में बाजार में व्यवस्थाएं बनाई जा रही हैं। त्योहारों के इन दिनों में बाजार क्षेत्रों में भारी भीड़ उमड़ती है, जिसके कारण जाम की स्थिति न बने और आवागमन सुचारू रहे, इसे प्राथमिकता देते हुए नपा की टीम मैदान में उतरी है।
कार्रवाई के दौरान एआरआई रवि सूर्यवंशी के नेतृत्व में नगर पालिका की टीम जिसमें शेख सिकंदर, कैलाश कन्नौजिया, सतीष रघुवंशी और रितिक शर्मा शामिल रहे। टीम द्वारा समझाइश दी गई कि मार्ग को अवरूद्ध न करें, प्रतिबंधित पॉलिथीन पन्नी का उपयोग बिल्कुल न करें और कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय डस्टबिन में रखें।
नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव ने शहर के सभी नागरिकों और व्यापारियों से विनम्र अपील की है कि वे इस त्योहारी सीजन में नगरपालिका प्रशासन का पूरा सहयोग करें, रास्तों को बाधित न करें और शहर को साफ-सुथरा रखने में अपनी नैतिक जिम्मेदारी निभाएं।

