
नर्मदापुरम / सोहागपुर में रिकॉर्ड बनाने का जुनून हो तो इंसान घंटों की मेहनत भी भूल जाता है। ऐसा ही कुछ कर दिखाने की कोशिश की विनय उमरे, पिता कैलाश उमरे ने। विनय ने सतपुड़ा टाइगर रिजर्व क्षेत्र में सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक लगातार पौधरोपण किया और दावा किया कि इस दौरान 5000 से ज्यादा पौधे लगाए।
विनय का उद्देश्य धावक एंटोनी मोसेस के पौधरोपण से जुड़े रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने का प्रयास करना है। उन्होंने करीब 12 घंटे तक लगातार पौधे लगाए। इस दौरान आम, जामुन, नीम, चंपा, कटहल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाने की बात सामने आई है।
विनय का पौधरोपण से जुड़ाव नया नहीं है। इससे पहले भी वे 800 से ज्यादा पौधे लगा चुके हैं। उनका कहना है कि इनमें से कई पौधे अब बड़े होकर फल-फूल देने लगे हैं।
अब 5000+ पौधे लगाने का दावा कितना रिकॉर्ड बनाता है, यह संबंधित रिकॉर्ड संस्था के सत्यापन के बाद स्पष्ट होगा। लेकिन विनय का यह प्रयास पर्यावरण संरक्षण के प्रति जुनून और लगातार पौधे लगाने की उनकी सोच को जरूर सामने लाता है।

