नर्मदापुरम / प्रांतीय समूह महासंघ नर्मदापुरम द्वारा स्व. सहायता समूहो द्वारा स्कूलों एवं आंगनवाड़ियों में मध्यान भोजन एवं पोषण आहार प्रदान करने का कार्य समस्त मध्य प्रदेश में किया जा रहा है। इस कार्य में समूहों को आ रही समस्याओं को लेकर समूह महासंघ के पदाधिकारियों ने जिला पंचायत सी ई ओ, कलेक्टर नर्मदापुरम, जिला महिला बाल विकास परियोजना अधिकारी महोदय, बी आर सी को मंगलवार को एक ज्ञापन दिया। समूह महासंघ की जिला अध्यक्ष गौरी एवं जिला मीडिया प्रभारी अजय मंजारिया ने बताया कि समूह द्वारा जो पोषण आहार प्रदाय किया जाता है, उसका भुगतान तीन से चार महीने तक प्राप्त नहीं होता है, जिससे समूह लगातार कर्ज में डूबता जा रहा है। दूसरा समूहों को 2017 से नाश्ते का 3 रुपये और खाने का पांच रुपए प्राप्त होते हैं, जबकि पिछले 9 साल में महँगाई कई गुना बढ़ चुकी है। आज पांच रुपए में भोजन का कोई भी सामान नहीं मिलता जबकि समूह को दाल, सब्जी और 2 रोटी देनी होती है। इस बाबत कई बार हड़ताल और ज्ञापन दिया जा चुका है, परंतु समूह की समस्याओं का कोई समाधान नहीं हुआ है। ज्ञापन में समूहों ने चूल्हा बंद हड़ताल की जानकारी अधिकारियों को दी है कि जब तक उनकी समस्याओं का निराकरण नहीं होता समूह पूरे प्रदेश में मध्यान भोजन और पोषण आहार प्रदान नहीं करेंगे। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष गौरी ईस्कर, जिला उपाध्यक्ष अमीना बी, जिला सचिव ललिता, तनीषा नबलानी, जरीना, चंदा सिमोलिया, संभाग प्रभारी सुमन उईके इटारसी से रेखा सोनी, रंजना मेहरा, बानो बेगम, सरिता राठौर, पूनम संघिया एवं समूह से अन्य महिलाएं उपस्थित रही।

