

नर्मदापुरम / आम आदमी पार्टी जिला नर्मदापुरम के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा से मुलाकात कर विगत 10 सितंबर को नगर पालिका घेराव एवं पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान हुए घटनाक्रम तथा उसके बाद दर्ज FIR की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष (OBC) राजेंद्र मालवीय के नेतृत्व में जनता के साथ मिलकर 10 सितंबर को नगर पालिका की विभिन्न मूलभूत समस्याओं को लेकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम किया गया था।
पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया कि पार्टी के अनुसार कार्यक्रम के दौरान शेख सिकंदर द्वारा कार्यक्रम में प्रवेश कर पुतले को खींचने एवं कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास किया गया, जिसका वीडियो भी उपलब्ध है। पार्टी का आरोप है कि इसके बाद 11 सितंबर को थाना कोतवाली नर्मदापुरम में राजेंद्र मालवीय एवं अन्य के विरुद्ध FIR दर्ज कराई गई।
आम आदमी पार्टी ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि पूरे घटनाक्रम की वीडियो फुटेज, मौके पर मौजूद पुलिस एवं डायल-112 की उपस्थिति सहित सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच की जाए तथा जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाए।
पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने यह भी आरोप लगाया कि नगर पालिका की कार्यप्रणाली एवं शहर की मूलभूत समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाए जाने के कारण पार्टी कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी ने मांग की कि किसी भी व्यक्ति के पद अथवा प्रभाव को जांच की निष्पक्षता के आड़े नहीं आने दिया जाए।
आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया कि जनता की सड़क, नाली, सफाई, स्ट्रीट लाइट एवं अन्य मूलभूत समस्याओं को लेकर आवाज उठाना पार्टी का लोकतांत्रिक अधिकार है। पार्टी इन मुद्दों को आगे भी शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से उठाती रहेगी।
पार्टी ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले में निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं तथ्यात्मक जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग की है।
इस दौरान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे..
प्रदेश सहयुक्त सचिव योगेश साहू, प्रदेश सहयुक्त सचिव OBC आर.एन. गुप्ता, प्रदेश सहयुक्त सचिव सुरेंद्र लुटारे, प्रदेश सहयुक्त सचिव OBC रूपेश मालवीय, पूर्व जिला अध्यक्ष आर टी आई विंग सीताशरण पांडे, एडवोकेट राकेश जराठे, जिला अध्यक्ष महिला विंग वर्षा, जिला सचिव कासिम अली, धनिराम गौर, विधानसभा प्रभारी अनिरुद्ध करैया, अरुण, राहुल मैना, कार्यालय प्रभारी, अभिषेक चौधरी सहित आम आदमी पार्टी के प्रदेश एवं जिला इकाई के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

