
नर्मदापुरम / पिपरिया में पत्रकार नर्मदा पटेल मामा को सरेआम गोली मारने की धमकीं देने वाले के विरुद्ध पत्रकारों ने मोर्चा खोल दिया है। पिपरिया के पत्रकारों ने एकजुट होकर पत्रकार पर झूठे एवं निराधार आरोप लगाकर उनकी प्रतिष्ठा धूमिल करने, दबाव बनाने तथा स्वयं को सांसद प्रतिनिधि के रूप में प्रस्तुत करने संबंधी प्रकरण की जांच कर कार्रवाई किए जाने को लेकर एसपी साईं कृष्ण एस थोटा के नाम स्टेशन रोड थाना प्रभारी मदन पवार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से पत्रकारों ने कहा कि दिनांक 13 सितम्बर 2026 को सोशल मीडिया पर प्रयागराज रघुवंशी द्वारा एक पोस्ट प्रकाशित की गई, जिसमें पत्रकार नर्मदा पटेल (मामा) पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। उक्त पोस्ट में
पत्रकार पर झूठी खबरें प्रकाशित कर अनावश्यक दबाव बनाने तथा पैसों की मांग करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पोस्ट में यह भी कहा गया है कि पत्रकार द्वारा पैसे मांगे जा रहे हैं और संबंधित व्यक्ति किसी भी प्रकार का पैसा नहीं देगा। इस पोस्ट के बाद पत्रकार साथी नर्मदा पटेल के द्वारा फेसबुक लाइव पर आ कर बताया गया कि उनके परिचित के पास प्रयागराज द्वारा फोन किया गया जिसमे मंगलवारा चोराहे पर, भोपाल में नर्मदापुरम में गोली मारने की धमकी भी दी गई।फेसबुक लाइव पर नर्मदा पटेल द्वारा स्पष्ट कहा गया की आपकी धमकी से नहीं डरता, यदि मुझे गोली मारना है तो आ जाए। हमारा स्पष्ट कहना है कि यदि किसी पत्रकार के विरुद्ध इस प्रकार के गंभीर आरोप लगाए जाते हैं, तो आरोप लगाने वाले व्यक्ति को उनके समर्थन में ठोस प्रमाण प्रस्तुत करना चाहिए। बिना प्रमाण सार्वजनिक मंच पर किसी पत्रकार पर पैसे मांगने, झूठी खबर प्रकाशित करने अथवा दबाव बनाने जैसे आरोप लगाना पत्रकार की सामाजिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने करने का कृत्य किया गया। इस गंभीर मामले में पिपरिया के पत्रकारों ने जिले के पुलिस कप्तान साई कृष्णा थोटा के नाम स्टेशन रोड थाना प्रभारी मदन पवार को ज्ञापन सौंपकर जांच कर धमकी देने वाले के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की गई है।

