
नर्मदापुरम / कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशों के परिपालन में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रमोद कापसे द्वारा एम्बुलेंस एवं यात्री बसों की सघन जांच की गई। कार्रवाई के तहत जिला चिकित्सालय नर्मदापुरम परिसर के आसपास रात्रि में औचक निरीक्षण कर एम्बुलेंस की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान आरटीओ द्वारा एम्बुलेंस संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मरीजों एवं उनके परिजनों से निर्धारित राशि से अधिक शुल्क नहीं लिया जाए। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने वाली एम्बुलेंस सेवा मानवीय दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस दौरान एक एम्बुलेंस का फिटनेस प्रमाण-पत्र वैध नहीं पाए जाने पर चालानी कार्रवाई की गई। संबंधित संचालक को बिना वैध फिटनेस के एम्बुलेंस का संचालन नहीं करने के निर्देश दिए गए।
आरटीओ द्वारा बस स्टैंड का भी औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान यात्री बसों में अग्निशामक यंत्र, मेडिकल बॉक्स, इमरजेंसी गेट तथा वैध दस्तावेजों की उपलब्धता एवं स्थिति की जांच की गई। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बस संचालकों को सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों एवं परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जांच के दौरान एक बस का टैक्स जमा नहीं होना तथा एक अन्य बस द्वारा वैध परमिट प्रस्तुत नहीं किया जाना पाया गया। नियमों के उल्लंघन पर दोनों बसों को मौके पर जब्त किया गया।

