

नर्मदापुरम / बारिश थमते ही नर्मदापुरम नगरपालिका ने शहर के विकास और सौंदर्यीकरण के कार्यों को एक बार फिर रफ्तार देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में गुरुवार को वार्ड क्रमांक-10 (मालाखेड़ी) के रहवासियों को बड़ी सौगात मिली। नगरपालिका अध्यक्ष नीतू यादव ने मालाखेड़ी स्थित तिवारी आरा मशीन से दुबे के निवास तक बनने वाली सीसी रोड के निर्माण कार्य का विधिवत पूजन कर शुभारंभ कराया। लगभग 7 लाख 25 हजार रुपए की लागत से बनने वाली इस सड़क के निर्माण से स्थानीय नागरिकों को लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्याओं से निजात मिलेगी।
बारिश में कीचड़ की समस्या से मिलेगी स्थायी राहत….
मालाखेड़ी के वार्ड 10 में सड़क जर्जर होने के कारण बारिश के दिनों में जलभराव और भारी कीचड़ की स्थिति निर्मित हो जाती थी। इससे न केवल पैदल चलने वालों को परेशानी होती थी। सीसी रोड का निर्माण पूरा होने के बाद इस मार्ग पर जलजमाव खत्म होगा और क्षेत्रवासियों का आवागमन सुगम व सुरक्षित हो जाएगा।
गुणवत्ता से समझौता नहीं, ठेकेदार को दिए कड़े निर्देश….
भूमिपूजन के दौरान नपाध्यक्ष नीतू यादव ने विकास कार्यों में पारदर्शिता और मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य को तय समय-सीमा के भीतर पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
इसके साथ ही नपाध्यक्ष ने आरा मशीन के पीछे वाली जर्जर सड़क का भी स्थल निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस मार्ग का निर्माण कार्य भी जल्द से जल्द शुरू कराया जाए। इस अवसर पर पार्षद दौलतराम यादव, तेजकुमार गौर, नगरपालिका इंजीनियर रीना गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

