
नर्मदापुरम / 17 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म, शादी का झांसा देकर शोषण, गर्भपात कराने और आठ माह तक धमकाने का गंभीर मामला सामने आया है। मंगलवार देर रात पीड़िता परिजनों के साथ थाने पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी अजीत सिंह सहित चार लोगों को आरोपी बनाया और चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। इधर, मामले में डॉक्टर दंपती डॉ. धीरेंद्र राय और डॉ. स्वाति मिर्धा राय की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने दोनों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था, लेकिन बुधवार दोपहर तक थाने में मौजूद रहने के बावजूद उनकी भूमिका और कार्रवाई को लेकर पुलिस की ओर से स्थिति स्पष्ट नहीं की गई।
डॉक्टर दंपती की भूमिका जांच का विषय….
मामले में गर्भपात कराने में डॉक्टर की भूमिका सामने आने की बात कही जा रही है। ऐसे में जांच का अहम बिंदु यह है कि नाबालिग का गर्भपात कहां कराया गया, किसकी देखरेख में कराया गया और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे। डॉ. धीरेंद्र राय और डॉ. स्वाति मिर्धा राय की भूमिका यदि जांच में सामने आती है तो पुलिस को उस पर भी स्थिति स्पष्ट करनी होगी।
थाने बुलाया तो कार्रवाई पर चुप्पी क्यों?…..
डॉक्टर दंपती को रात में थाने बुलाए जाने और बुधवार दोपहर तक उनके वहां मौजूद रहने की बात सामने आने के बाद सवाल उठ रहा है कि पुलिस ने उनसे क्या पूछताछ की और जांच में उनकी भूमिका को किस आधार पर देखा जा रहा है। यदि उनकी भूमिका नहीं है तो पुलिस को यह स्पष्ट करना चाहिए, ताकि मामले को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लग सके।
कुछ खबर नफीस दिनभर थाने में सक्रिय….
मामले की गंभीरता के बीच कुछ खबरची भी बुधवार को दिनभर थाने में सक्रिय नजर आए। पुलिस अधिकारियों और मामले से जुड़े लोगों के आसपास उनकी मौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही। ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या मामले की कवरेज से इतर किसी स्तर पर दबाव बनाने या मामले को प्रभावित करने का प्रयास तो नहीं किया गया।
कथित लेन-देन की चर्चा, पुलिस करे स्थिति स्पष्ट…..
मामले को लेकर डॉक्टर और पुलिस के बीच कथित लेन-देन तथा कुछ लोगों की मध्यस्थता की चर्चाएं भी शहर में चलती रहीं। इन चर्चाओं की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, इसलिए इनका सच जांच के बाद ही सामने आएगा। हालांकि पुलिस की जिम्मेदारी है कि वह डॉक्टर दंपती की भूमिका, गर्भपात से जुड़े तथ्य और सभी आरोपियों के संबंध में की गई कार्रवाई को स्पष्ट करे।
होटल पलाश फिर सवालों के घेरे में…..
आनंद नगर स्थित होटल पलाश में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद होटल की गतिविधियों पर भी सवाल खड़े हुए हैं। स्थानीय स्तर पर यहां पहले भी संदिग्ध गतिविधियों और घटनाओं की चर्चाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में होटल की निगरानी और वहां संचालित गतिविधियों की जांच की जरूरत भी महसूस की जा रही है।

