
नर्मदापुरम / नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर मंगलवार रात करीब 10:30 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो युवकों की जान चली गई। हादसा सेमरीहरचंद कस्बे में प्रवेश से पहले नाले की पुलिया के तीखे मोड़ पर हुआ, जहाँ एक तेज रफ्तार बोलेरो और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि बोलेरो बाइक को घसीटते हुए मुख्य सड़क से लगभग 5 फीट नीचे उतरकर पलट गई। इस हादसे में बाइक पर सवार दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों और घायलों का विवरण मृतक जान गंवाने वाले दोनों युवक आपस में जीजा-साले थे। मृतकों में चंद्रमोहन कुशवाह (25 वर्ष, निवासी ग्राम चीचली, जिला नरसिंहपुर) और उनके साले प्रमोद कुशवाह (30 वर्ष, निवासी ग्राम खरचिली, बनखेड़ी) शामिल हैं। घायल बोलेरो चालक मनोज (निवासी तामिया) गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद नर्मदापुरम जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वाहन में उसका एक अन्य साथी भी मौजूद था; दोनों तामिया से भोपाल की ओर जा रहे थे।
हादसे की वजह पर अलग-अलग दावे चालक का बयान…..
अस्पताल में भर्ती चालक मनोज ने बताया कि अचानक सड़क पर मवेशी आ गए थे, जिन्हें बचाने के फेर में गाड़ी अनियंत्रित हो गई। उसने कहा कि हड़बड़ाहट में उसे बाइक से हुई भिड़ंत का अहसास तक नहीं हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों का कहना है कि बोलेरो ने पहले सेमरीहरचंद के पीपल चौक पर एक मवेशी को टक्कर मारी थी। इसके बाद चालक तेज रफ्तार में गाड़ी भगा रहा था, जिससे मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रही बाइक को चपेट में ले लिया। पुलिस कार्रवाई व राहत कार्य हादसे की सूचना पर सेमरीहरचंद चौकी प्रभारी एसआई विवेक यादव पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से क्षतिग्रस्त बोलेरो के नीचे फंसे मृतकों और घायलों को बाहर निकालकर सोहागपुर शासकीय अस्पताल भेजा गया। क्रेन बुलाकर दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को गड्ढे से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर परिजनों को सूचना दे दी है और दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया ।

