


नर्मदापुरम / विद्यार्थियों को बदलते डिजिटल परिवेश में सुरक्षित, सजग एवं जिम्मेदार बनाने तथा उन्हें व्यक्तिगत सुरक्षा एवं नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से स्प्रिंगडेल्स सीनियर सेकेंण्डरी स्कूल में दिनांक 09/09/26 को देहात थाना, नर्मदापुरम के सहयोग से विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में देहात थाना के टीआई श्रीमती उषा मरावी, बाल कल्याण अधिकारी प्रवीण कुमार शर्मा, एसआई मिस पूजा लक्ष्यकार एवं एएसआई दीपक पाराशर उपस्थित रहे।
‘सुरक्षा की शुरुआत जागरूकता से’सत्र में श्रीमती उषा मरावी ने गुड टच-बैड टच जैसे महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील विषय पर भी विद्यार्थियों को सहज और सरल भाषा में जानकारी दी गई। उन्हें अपने शरीर की सुरक्षा के प्रति सजग रहने, असहज स्पर्श को पहचानने तथा किसी भी असहज परिस्थिति में बिना झिझक अभिभावक, शिक्षक या किसी विश्वसनीय व्यक्ति से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। एस आई मिस पूजा लक्ष्यकार ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया एवं इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने तथा व्यक्तिगत जानकारी एवं डिजिटल पहचान को सुरक्षित रखने के महत्वपूर्ण उपाय साझा किए। एस आई श्री प्रवीण कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। विद्यार्थियों को शिक्षा, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
संवाद से दूर हुई जिज्ञासाएँ….
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पुलिस अधिकारियों से सीधे संवाद करने एवं प्रश्न पूछने का अवसर मिला। अधिकारियों ने विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया और उन्हें किसी भी संदिग्ध या असुरक्षित स्थिति में सजगता से कदम उठाने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य श्रीमती मोना चटर्जी ने कहा, “आज के बदलते परिवेश में विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान देना पर्याप्त नहीं है। उन्हें साइबर सुरक्षा, व्यक्तिगत सुरक्षा और नशे जैसी सामाजिक चुनौतियों के प्रति जागरूक एवं सजग बनाना भी हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसे जागरूकता सत्र विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सतर्कता और सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करते हैं। हमारा प्रयास है कि हमारे विद्यार्थी सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त करते हुए एक जागरूक, जिम्मेदार और सशक्त नागरिक के रूप में आगे बढ़ें।”
कार्यक्रम के अंत में उप-प्राचार्य श्रीमती लक्ष्मी पलोहिया ने देहात थाना से उपस्थित सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। यह जागरूकता सत्र विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, संवादात्मक एवं प्रेरणादायी रहा और उन्हें “सजग रहें, सुरक्षित रहें और नशे से दूर रहें” का महत्वपूर्ण संदेश देकर संपन्न हुआ।

