
नर्मदापुरम / शासकीय गृहविज्ञान अग्रणी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. संगीता अहिरवार के मार्गदर्शन में एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के सहयोग से विश्व साक्षरता दिवस के अवसर पर शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं एवं स्वयंसेवकों ने साक्षरता के महत्व को समझते हुए शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने, निरक्षरता को दूर करने तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा के लिए प्रेरित करने की शपथ ली। छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे स्वयं शिक्षा के महत्व को समझने के साथ-साथ अपने परिवार एवं समाज में भी साक्षरता के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचाएंगी।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. संगीता अहिरवार ने कहा कि साक्षरता केवल पढ़ना-लिखना सीखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को उसके अधिकारों, कर्तव्यों और अवसरों के प्रति जागरूक बनाकर आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि शिक्षित एवं जागरूक नागरिक ही एक मजबूत और विकसित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा के महत्व को समझें और समाज में साक्षरता के प्रसार के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. जी. सी. पांडे, राष्ट्रीय सेवा योजना जिला संगठक डॉ. हर्षा चचाने, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. भारती दुबे एवं डॉ. रश्मि श्रीवास्तव, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी सुश्री पूजा गोस्वामी एवं महाविद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं।

