
नर्मदापुरम / शासकीय गृहविज्ञान स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय में 5 एमपी गर्ल्स बटालियन नर्मदापुरम के तत्वाधान में गर्ल्स बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल आशुतोष प्रताप सिंह के निर्देशानुसार महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संगीता अहिरवार विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन में एनसीसी प्रभारी मनीषा बाघमारे के सहयोग से कार्यक्रम ’ईट राइट बेटर लाईफ’ (सही खाएँ, बेहतर जीवन जिएँ) थीम पर महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेट्स को संतुलित आहार, पौष्टिक भोजन एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में एनसीसी प्रभारी मनीषा बाघमारे के द्वारा छात्राओं को स्वस्थ एवं संतुलित भोजन के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें अपने दैनिक आहार में हरी सब्जियाँ, मौसमी फल, दालें, साबुत अनाज, दूध एवं अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही जंक फूड, अत्यधिक तेल, नमक एवं चीनी के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी बताया गया।
एनसीसी कैडेट्स द्वारा ‘ईट राइट बेटर लाईफ’ थीम पर पोस्टर, स्लोगन निबंध एवं जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से स्वस्थ खान-पान का संदेश दिया गया। कैडेट्स ने “सही भोजन अपनाएँ, स्वस्थ जीवन बनाएँ” तथा “स्वस्थ आहार, स्वस्थ विचार” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद, स्वच्छता एवं पर्याप्त मात्रा में पानी पीने को भी स्वस्थ जीवनशैली का आवश्यक हिस्सा बताया गया। विद्यार्थियों एवं कैडेट्स ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस अवसर प्रशासनिक अधिकारी डाॅ. जी.सी. पांडे, डाॅ. संध्या राय एवं एनसीसी कैडेट्स का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

