
नर्मदापुरम / तहसील पिपरिया के वार्ड नंबर 7, अंडर ब्रिज क्षेत्र में किन्नर समुदाय के बीच हक और संपत्ति को लेकर विवाद गहरा गया है। प्रताड़ना और जान के खतरे का आरोप लगाते हुए पीड़िता मुहम्मद इब्राहीम उर्फ बोबी नायक ने पुलिस अधीक्षक, नर्मदापुरम को लिखित शिकायत भेजकर सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सालों पुराना साथ, अब जानलेवा विवाद…..
शिकायत के अनुसार, बोबी नायक और शेरु खान उर्फ शांति नायक पिछले दस वर्षों से साथ रहकर जीवन यापन कर रहे थे। दोनों स्वर्गीय गुरु मधू नायक के शिष्य हैं। गुरु के निधन के बाद सामाजिक सहमति से शांति नायक को समुदाय की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। आवेदिका का आरोप है कि अब उनके साथी शांति नायक और उसके ड्राइवर पवन मिश्रा द्वारा उनका हिस्सा देने से इनकार किया जा रहा है तथा उन्हें लगातार मानसिक, आर्थिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
गंभीर मामलों से जुड़े नाम, रास्ते से हटाने की धमकी शिकायत में सबसे चौंकाने वाला खुलासा कथित धमकियों को लेकर किया गया है। आवेदिका का आरोप है कि हक मांगने पर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। शिकायत पत्र में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि आरोपी यह कहते हुए धमका रहे हैं कि यदि कोई कानूनी कदम उठाया, तो उन्हें भी “सोनम उर्फ विक्रम और मुन्नी उर्फ मुन्ना जैन” की तरह रास्ते से हटा दिया जाएगा। पिपरिया छोड़ जबलपुर में ली शरण लगातार मिल रही धमकियों और आजीविका के साधन छीने जाने से भयभीत होकर आवेदिका को पिपरिया छोड़ना पड़ा। जान बचाने के लिए वे वर्तमान में जबलपुर स्थित अपने भाई के पास रह रही हैं। पूर्व रिकॉर्ड की निष्पक्ष जांच की मांग आवेदिका ने नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि शांति नायक और पवन मिश्रा के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए। संदर्भित पुराने मामलों और आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की गहनता से जांच हो। पीड़ित पक्ष को जान-माल की पूर्ण सुरक्षा प्रदान की जाए। मामला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचने के बाद अब प्रशासन की जांच और आगामी कार्रवाई पर निगाहें टिकी हैं।

