

नर्मदापुरम / अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर विद्यार्थियों को मिला प्रेरक मार्गदर्शन। इंस्पायर पोदार लर्न स्कूल पोवारखेड़ा में मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर एक विशेष प्रेरक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में प्रख्यात एजुकेशनलिस्ट एवं लॉ एक्सपर्ट डॉ. मयंक तोमर, जो सातवां शिक्षा अभियान मध्य प्रदेश के ब्रांड एंबेसडर भी हैं, ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया।
डॉ. मयंक तोमर ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल व्यक्तिगत विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने नगर की बेहतरी एवं विकास के लिए जागरूक, जिम्मेदार और सक्रिय नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने विभिन्न प्रेरक उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित करने, निरंतर परिश्रम करने तथा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने बच्चों को अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए सही दिशा में शिक्षा एवं ज्ञान का उपयोग करने संबंधी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में शाला प्रशासन, प्राचार्या श्रीमती प्रतीक्षा दुबे एवं कार्यकारी अधिकारी द्वारा डॉ. मयंक तोमर को एक वृक्ष भेंट कर धन्यवाद एवं सम्मान व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उनके प्रेरक विचारों से लाभान्वित होकर शिक्षा के माध्यम से एक बेहतर भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।

