
नर्मदापुरम / बनखेड़ी / प्रशासनिक लापरवाही और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता का खामियाजा आज बनखेड़ी क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। माल्हनवाड़ा से डूमर को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो चुका है। देखरेख के अभाव में इस सड़क की हालत इतनी बदतर हो गई है कि अब यह राहगीरों के लिए किसी खतरे से कम नहीं है। यह मार्ग करीब 8 गांवों की लाइफलाइन है, लेकिन आज लोग यहां से गुजरने में कतराने लगे हैं। सड़क पर बने गहरे गड्ढे हर वक्त किसी बड़ी दुर्घटना को आमंत्रण दे रहे हैं। रोजाना इस मार्ग से हजारों लोग गुजरते हैं, जिनमें सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है। गड्ढों के कारण आए दिन लोग संतुलन खोकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी जानलेवा हो जाती है, क्योंकि चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा ही नहीं मिल पाता।
सड़क की इस बदहाली ने बच्चों की शिक्षा और मरीजों के इलाज पर भी संकट खड़ा कर दिया है। गड्ढों की वजह से आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस का गांवों तक समय पर पहुंचना नामुमकिन सा हो गया है। ग्रामीणों ने रोष जताते हुए कहा कि जिस दूरी को तय करने में पहले महज 10 से 15 मिनट लगते थे, अब उसी जर्जर रास्ते को पार करने में एक घंटे से भी अधिक का समय बर्बाद हो रहा है।स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इस बदहाल सड़क को लेकर अवगत कराया है। हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला, धरातल पर कोई काम नहीं हुआ। लंबे समय से मरम्मत की मांग पूरी न होने के कारण अब ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे रहा है और प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क का निर्माण शुरू नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

