
नर्मदापुरम / कलेक्टर सोमेश मिश्रा के आदेशानुसार एवं जिला आबकारी अधिकारी डॉ. राजीव प्रसाद द्विवेदी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।
सोमवार को वृत्त इटारसी शहर के अंतर्गत नाला मोहल्ला, सूरज गंज, बालाजी मंदिर, मेहरा गांव और गरीबी लाइन क्षेत्र में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 के तहत कुल 08 प्रकरण कायम किए गए। मौके से लगभग 550 किलोग्राम महुआ लाहन और 40 लीटर हाथभट्टी मदिरा जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 63,000 रुपये आंकी गई है।
उक्त कार्रवाई में वृत्त प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी रमेश अहिरवार, आबकारी उपनिरीक्षक के. के. पडरिया, आर.पी. निमोदा, प्रधान आबकारी आरक्षक दुर्गाप्रसाद माँझी, मदन रघुवंशी, राजेश गौर, आबकारी आरक्षक धर्मेंद्र बारंगे, दुर्गेश पठारिया, महिला आबकारी आरक्षक भावना यादव, माया पांडोल का सराहनीय योगदान रहा। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि अवैध मदिरा के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

