
नर्मदापुरम / वर्ष 2028 को लेकर आगे की संगठनात्मक तैयारियों के साथ आगामी रणनीति पर चर्चा के लिए कल पिपरिया में भारतीय जनता पार्टी की जिला कार्यसमिति की बैठक एवं जिला कार्यशाला आयोजित की जा रही है। बैठक जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रीति शुक्ला के नेतृत्व में रखी गई है। बैठक में पार्टी के वर्तमान विधायक, सांसद एवं विभिन्न पदाधिकारियों को आमंत्रित किए जाने की बात सामने आई है।
हालांकि, बैठक में पार्टी के कुछ वरिष्ठ एवं पूर्व पदाधिकारियों को आमंत्रित नहीं किए जाने को लेकर अब संगठन के भीतर सवाल उठने लगे हैं। विशेष रूप से पिपरिया के पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष संपत मूंदड़ा तथा पूर्व विधायक हरिशंकर जायसवाल को बैठक से दूर रखे जाने की चर्चा राजनीतिक गलियारों में है। हरिशंकर जायसवाल भाजपा के तीन बार जिला अध्यक्ष रह चुके हैं और संगठन में लंबे समय तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ विधायक भी रहे हैं। ऐसे में वरिष्ठ नेताओं को जिला कार्यसमिति एवं कार्यशाला में स्थान नहीं मिलने को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच चर्चाएं तेज हो गई हैं।
संगठन में पक्षपात के आरोप, प्रदेश संगठन तक पहुंची शिकायत….
भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा जिला संगठन के कामकाज को लेकर प्रदेश नेतृत्व तक शिकायत किए जाने की बात भी सामने आ रही है। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जिले में संगठन का संचालन सभी वरिष्ठ एवं अनुभवी नेताओं को साथ लेकर करने के बजाय एक तरफा तरीके से किया जा रहा है। वहीं पार्टी में पदों के वितरण को लेकर भी पक्षपात के आरोप लगाए गए हैं।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि भाजपा एक अनुशासित और कैडर आधारित संगठन है, जहां वरिष्ठ नेताओं के अनुभव और पुराने कार्यकर्ताओं की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। क्या उन पार्टी नेताओं की हर कामों में हमेशा अनदेखी देखी गई है, क्या पार्टी या संगठन इन बातों पर विराम लगा पाएगी।

