


नर्मदापुरम / इटारसी में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के एमएसडब्ल्यू एवं बीएसडब्ल्यू विद्यार्थियों तथा परिषद के कार्यकर्ताओं ने मुस्कान बालिका गृह में पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं ने संस्था की बालिकाओं के साथ मिलकर प्राकृतिक मिट्टी से भगवान श्रीगणेश की सुंदर प्रतिमाओं का निर्माण किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को पर्यावरण के अनुकूल गणेशोत्सव मनाने के लिए प्रेरित करना तथा प्लास्टर ऑफ पेरिस और रासायनिक रंगों से बनी प्रतिमाओं के विसर्जन से जल स्रोतों एवं पर्यावरण को होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करना था। परिषद के विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं ने बालिकाओं को मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने की विधि समझाई। बालिकाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कल्पना और रचनात्मकता से भगवान गणेश की आकर्षक प्रतिमाएं तैयार कीं।
इस अवसर पर बालिकाओं को स्वच्छता, जल संरक्षण, पौधरोपण, प्लास्टिक का कम उपयोग और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के विषय में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि प्राकृतिक मिट्टी से बनी प्रतिमाएं विसर्जन के बाद आसानी से पानी में घुल जाती हैं और पर्यावरण को नुकसान नहीं पहुंचातीं। धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में पर्यावरण अनुकूल सामग्री अपनाकर प्रकृति और जल स्रोतों को सुरक्षित रखा जा सकता है।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के एमएसडब्ल्यू एवं बीएसडब्ल्यू विद्यार्थी, परिषद के कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता तथा मुस्कान बालिका गृह के पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। संस्था की ओर से परिषद के विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं की इस रचनात्मक और पर्यावरण हितैषी पहल की सराहना करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया गया।

