
नर्मदापुरम / शासकीय गृहविज्ञान अग्रणी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नर्मदापुरम में नर्मदापुरम युवा मंडल एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षक दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संगीता अहिरवार ने समस्त शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा प्रदान करने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व, संस्कार एवं भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्राओं को अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना बनाए रखने तथा उनके मार्गदर्शन से निरंतर सीखते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर नर्मदापुरम युवा मंडल की सदस्य सुश्री संगीता परिहार ने शिक्षकों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शिक्षक समाज एवं राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव हैं। उनका ज्ञान, मार्गदर्शन और संस्कार विद्यार्थियों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के साथ-साथ एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान नर्मदापुरम युवा मंडल के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश खंडेलवाल द्वारा महाविद्यालय के समस्त शिक्षकों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस सम्मान के माध्यम से शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता एवं सम्मान की भावना व्यक्त की गई। शिक्षकों ने नर्मदापुरम युवा मंडल एवं राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा की गई इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन एनएसएस की वरिष्ठ स्वयंसेवक कु. प्रिया सोनी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-2 की कार्यक्रम अधिकारी सुश्री पूजा गोस्वामी द्वारा उपस्थित अतिथियों, प्राचार्य, समस्त शिक्षकों, नर्मदापुरम युवा मंडल के पदाधिकारियों एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. जी.सी. पांडे, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. पुष्पा दुबे, डॉ. भारती दुबे, डॉ. वैशाली लाल, डॉ. पी.आर. मानकर, डॉ. आर.के. चौकीकर, डॉ. दुर्गेश तेली, राष्ट्रीय सेवा योजना जिला संगठक डॉ. हर्षा चचाने, सुश्री काजल बाथरे, डॉ. रफीक अली, महाविद्यालय के समस्त स्टाफ एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।

