
नर्मदापुरम / इटारसी / शिक्षक दिवस के अवसर पर मुस्कान बालिका गृह में वरिष्ठ शिक्षाविद् एवं समाजसेवी डॉ. उर्मिला तोमर के मुख्य आतिथ्य एवं विपिन जोशी स्मारक समिति के अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश साहू की विशेष उपस्थिति में सम्मान सह संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. उर्मिला तोमर ने बालिकाओं से आत्मीय चर्चा करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियां मनुष्य को मजबूत बनाती हैं। जीवन में सफलता के लिए शिक्षा के साथ कौशल सीखना बेहद जरूरी है। उन्होंने बेटियों को आत्मविश्वास, अनुशासन, समय के सदुपयोग और स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
संस्था के संचालक मनीष ठाकुर ने डॉ. तोमर का परिचय देते हुए बताया कि वे चार दशकों तक शिक्षा क्षेत्र में सक्रिय रहीं और प्राचार्य, उपसंचालक शिक्षा व डाइट प्राचार्य जैसे प्रमुख पदों पर सेवाएं दीं। उन्होंने नीमच जिले को बोर्ड परीक्षाओं में प्रदेश में श्रेष्ठ स्थान दिलाने, बास्केटबॉल खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने तथा जेल में बंद महिला बंदियों को सिलाई व हस्तशिल्प प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने में ऐतिहासिक योगदान दिया है।
इस अवसर पर मुस्कान संस्था द्वारा डॉ. उर्मिला तोमर को सम्मान-पत्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका नागरिक अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में बालिका गृह अधीक्षक सुरेखा धाकड़, शक्ति सदन अधीक्षक विशाखा अंजिकर, भावना मजूमदार, मोना जॉनसन, खुशबू यादव, विक्रम सिंह, नितिन वर्मा, गुंजन श्रीवास व हार्दिक सहित संस्था का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

