




नर्मदापुरम / स्प्रिंगडेल्स सीनियर सेकेंण्डरी स्कूल में गुरु के प्रति सम्मान, श्रद्धा व कृतज्ञता की भावनाओं से सराबोर वातावरण में स्प्रिंगडेल्स सीनियर सेकेंण्डरी स्कूल एवं द चैंप्स फन स्कूल द्वारा संयुक्त रूप से शिक्षक दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों को समर्पित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजक गतिविधियों और स्नेहिल भावनाओं के माध्यम से शिक्षक दिवस को यादगार बना दिया।कार्यक्रम की विशेषता रही कि कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों ने समारोह की पूरी जिम्मेदारी स्वयं संभाली। विद्यार्थियों ने अपनी नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं आयोजन कौशल का शानदार परिचय देते हुए कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संचालित किया। खुशी सिंह एवं साक्षी रावत ने प्रभावशाली एंकरिंग के माध्यम से पूरे कार्यक्रम में ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।
समारोह में विद्यालय के निदेशक डॉ. आशीष चटर्जी एवं सुभाशीष चटर्जी, श्रीमती जूही चटर्जी, प्राचार्य श्रीमती मोना चटर्जी, जनरल मैनेजर श्रीमती सोनल सोखी एवं उप प्राचार्य श्रीमती लक्ष्मी पलोहिया वहीं द चैंम्पस फन स्कूल से सीनियर कोऑर्डिनेटर श्रीमती रीना मालवीय और उप प्राचार्य श्रीमती काकोली रॉय चौहान एवं एकेडमिक कोऑर्डिनेटर श्रीमती स्नेहा शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ. आशीष चटर्जी ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाले नहीं होते, बल्कि वे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और भविष्य को आकार देने वाले सच्चे मार्गदर्शक होते हैं। एक अच्छे शिक्षक की सीख विद्यार्थी के जीवन में लंबे समय तक मार्गदर्शन करती है। आज विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों के सम्मान में किया गया यह आयोजन उनके संस्कार, कृतज्ञता और गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना को दर्शाता है। कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों ने जिस आत्मविश्वास और जिम्मेदारी के साथ पूरे कार्यक्रम का संचालन किया, वह निश्चित रूप से प्रशंसनीय है।”शिक्षक दिवस को केवल औपचारिक समारोह तक सीमित न रखते हुए शिक्षकों के लिए विभिन्न रोचक खेल एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। शिक्षकगण ने भी बच्चों की तरह उत्साह और उमंग के साथ इन गतिविधियों में सहभागिता की। खेल, हंसी-मजाक और मनोरंजन से पूरा विद्यालय परिसर खुशनुमा वातावरण से भर उठा।इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने सभी शिक्षकों को स्नेह एवं सम्मान के प्रतीक स्वरूप उपहार भेंट किए। इसके पश्चात आयोजित सहभोज में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने साथ बैठकर इस विशेष दिन की खुशियां साझा कीं।
पूरे आयोजन में विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। मंच संचालन से लेकर कार्यक्रम की व्यवस्थाओं तक प्रत्येक जिम्मेदारी विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ निभाई। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकगण ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता एवं आयोजन कौशल की सराहना की।
शिक्षक दिवस समारोह को सफल बनाने में कुमारी दीपिका वर्मा, श्रीमती अरुणा सारठे, श्रीमती सुरभि दुबे एवं सपना वर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
सम्मान, स्नेह, उपहार, खेल, सहभोज और मुस्कुराहटों से सजा यह समारोह गुरु-शिष्य के आत्मीय रिश्ते का खूबसूरत उत्सव बन गया। विद्यार्थियों द्वारा अपने शिक्षकों के प्रति व्यक्त किया गया प्रेम, सम्मान और आभार ही इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि रहा।

