
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा में यातायात व्यवस्था को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यातायात पुलिस ने वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। एसडीओपी महेंद्र सिंह चौहान के निर्देशन में यातायात थाना प्रभारी सुमित लाल पवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर वाहन चालकों की जांच की।
कार्रवाई के दौरान तेज आवाज वाले साइलेंसर लगाकर बुलेट चलाने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए कई बुलेट के साइलेंसर निकलवाए गए। वहीं, नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाए जाने के मामलों में चालान काटकर वाहन चालकों और उनके अभिभावकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।
इसके साथ ही रात के समय ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने ट्रॉलियों के पीछे रेडियम लगाए। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के पीछे पर्याप्त रोशनी या लाइट नहीं होने के कारण रात में पीछे से आने वाले वाहन चालकों को ट्रॉली दिखाई नहीं देने की स्थिति बनती है। ऐसे में रेडियम लगाए जाने से रात के समय ट्रॉलियों की दृश्यता बढ़ेगी और दुर्घटनाओं की संभावना कम करने में मदद मिलेगी।
यातायात थाना प्रभारी सुमित लाल पवार ने बताया कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और अपने वाहनों में आवश्यक सुरक्षा उपकरण रखने की अपील की।

