

नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / नगर के श्री गोवर्धन नाथ जी मंदिर, ठाकुर जी की हवेली में धूमधाम से नंद उत्सव मनाया गया।
इस खुशी के अवसर पर पूरी हवेली को आकर्षक रोशनी से सजाया गया एवं ठाकुर जी का फूलों से मनमोहक श्रृंगार किया गया। हवेली में फूलों से सजा पालना डाला गया, जिसमें ठाकुर जी को झुलाया गया।
नंद उत्सव की खुशी में ठाकुर जी पर न्योछावर करके बधाइयां बांटी गईं। बधाई स्वरूप काजू, किशमिश, मेवा, टॉफी और खिलौने ठाकुर जी पर न्योछावर कर लुटाए गए। वैष्णवजनों ने बधाइयां लूटकर ठाकुर जी का आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चों को कान्हा बनाकर सभी वैष्णवों ने गोद में लेकर नृत्य किया। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन की धूम रही। इसके पश्चात ठाकुर जी की महाआरती की गई एवं प्रसाद वितरण किया गया।

