दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, नगर के स्वयंसेवकों द्वारा प्राचीन गोपाल मंदिर में आकर्षक घोष वादन प्रस्तुत किया गया। फूल-मालाओं एवं आकर्षक सजावट से सुसज्जित मंदिर परिसर में घोष की मनमोहक ध्वनि से आध्यात्मिक वातावरण और भी भक्तिमय हो उठा।
घोष वादन के दौरान स्वयंसेवकों ने आनक एवं प्रणव के साथ विभिन्न रचनाओं की शानदार प्रस्तुति दी। शंख की रचनाओं में ‘किरण’, ‘श्रीराम’, ‘उदय’, ‘चेतक’ एवं ‘सोनभद्र’, जबकि वंशी की रचनाओं में ‘मीरा’, ‘भूप’ एवं ‘शिवराज’ का वादन किया गया। घोष की तालबद्ध एवं अनुशासित प्रस्तुति ने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में उपस्थित रहे। स्वयंसेवकों के अनुशासन, समर्पण और घोष वादन की मनोहारी प्रस्तुति ने जन्माष्टमी के उत्सव में विशेष आकर्षण जोड़ दिया।गोपाल मंदिर परिसर में गूंजे घोष के स्वर ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्सव को यादगार बना दिया।

