
नर्मदापुरम / रायसेन की धार्मिक नगरी उदयपुरा के विदाई मैरिज गार्डन में आजीवन नर्मदा परिक्रमा वासी संत शिवानंद जी महाराज के सानिध्य में 51 दिवसीय भव्य महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। 29 जुलाई से शुरू हुआ यह महायज्ञ 17 सितंबर तक निरंतर चलेगा। इस महायज्ञ की सबसे अनूठी विशेषता इसकी आहुति सामग्री है। आयोजन समिति के अनुसार, इस अनुष्ठान में आम हवन सामग्रियों के साथ-साथ सोना, चांदी, शुद्ध घी, मेवा, मिठाई, फल, काजू, किशमिश और दुर्लभ जड़ी-बूटियों की विशेष आहुतियां अर्पित की जा रही हैं।
6 सितंबर को सजेगी ‘एक शाम दादा जी के नाम…
महायज्ञ के पावन अवसर पर आगामी 6 सितंबर को उदयपुरा में पहली बार “एक शाम दादा जी के नाम” दिव्य एवं भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। महाआरती के पश्चात शुरू होने वाली इस संध्या में मुख्य प्रस्तुतियां नर्मदापुरम की सुप्रसिद्ध भजन गायिका आशा राजपूत और प्रख्यात भजन प्रवाहक सुनील शर्मा द्वारा दी जाएंगी। संगीत सहयोग ‘श्री श्याम शरणम् म्यूजिकल ग्रुप, नर्मदापुरम’ की पूरी टीम का रहेगा, जिसमें प्रमुख कलाकार अतुल शर्मा, बैंजो हितेश सराठे, ढोलक चेतन तिवारी, ऑक्टोपैड लोकेश चौधरी गायक राकेश बनफर रहेंगे। आयोजकों ने क्षेत्र की धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर महायज्ञ के दर्शन व भजन संध्या का पुण्य लाभ लेने का आह्वान किया है।

