



नर्मदापुरम / द चैम्प्स फन स्कूल में प्री-प्राइमरी के नन्हे विद्यार्थियों के लिए जन्माष्टमी उत्सव हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर प्री-प्राइमरी के बच्चे भगवान श्रीकृष्ण और राधा जी की मनमोहक वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे। नर्सरी और प्ले ग्रुप के बच्चों के अभिभावक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत ‘हरे कृष्ण, हरे रामा’ के मधुर स्वागत मंत्र से हुई। इसके बाद प्रिंसिपल डॉ. आशीष चटर्जी एवं डायरेक्टर श्रीमती जूही चटर्जी का स्वागत किया गया। बच्चों ने ‘अच्युतम केशवम’ गीत की सुंदर प्रस्तुति से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण श्लोक प्रतियोगिता का फाइनल रहा, जिसमें प्ले ग्रुप, नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के चयनित विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ श्लोक प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता का प्रथम चरण 1 अगस्त को आयोजित हुआ था। प्रतियोगिता में मूल्यांकन वायस प्रिंसिपल श्रीमती काकोली राय चौहान, श्रीमती ज्योति भदौरिया, एकेडमिक कॉर्डिनेटर सुश्री स्नेहा शर्मा एवं स्कूल कॉर्डिनेटर श्रीमती रीना मालवीय ने किया।
इसके बाद एलकेजी की सिया और यूकेजी के निषित ने माखन चोरी की लीला प्रस्तुत की। बच्चों ने श्रीकृष्ण के जन्म, कंस के कारागार से गोकुल पहुंचने तथा उनके प्रेम, देखभाल और दयालुता जैसे मूल्यों को नाटिका एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया।
समारोह के अंत में श्लोक एवं डांस प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रमाण-पत्र और ट्रॉफी प्रदान की गई। डांस प्रतियोगिता में सभी सेक्शनों के बच्चों के प्रयास को समान रूप से प्रोत्साहित करते हुए प्रत्येक सेक्शन को प्रथम पुरस्कार की ट्रॉफी दी गई। प्रिंसिपल डॉ. आशीष चटर्जी ने कहा कि इतनी कम उम्र में मंच पर पूरे आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुति देना ही बच्चों की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बच्चों और अभिभावकों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम का मंच संचालन सुश्री रिचा सोनी ने किया। कार्यक्रम की प्रभारी सुश्री स्नेहा माखीजा एवं सुश्री निधि खत्री रहीं। अंत में सुश्री स्नेहा माखीजा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
नन्हे कृष्ण-राधा के मनमोहक रूप, श्लोक, संगीत और कृष्ण की बाल लीलाओं से सजा यह समारोह बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों के लिए आनंदमय और यादगार रहा।

